Sunday, 12 July 2020


राहुल गांधी होने का मतलब


राजनीति में बहुत कम ऐसे सौभाग्यशाली लोग होते हैं, जो गलतियां करने के बावजूद अपनी अपरिहार्यता बनाए रखते हैं। राहुल गांधी उन्हीं चुनिंदा नेताओं में हैं। ताजा मामला तीन भारतीय फोटो पत्रकारों यासीन डार, मुख्तार खान और चन्नी आनंद को फीचर फोटोग्राफी श्रेणी में प्रतिष्ठित पुलित्जर पुरस्कार से जुड़ा है। यह पत्रकारिता के क्षेत्र का दुनिया का सबसे बड़ा पुरस्कार माना जाता है। इसके बावजूद भारत में इसको लेकर खास प्रसन्नता नहीं दिखी तो इसलिए कोलंबिया यूनिवर्सिटी के पुलित्जर बोर्ड की टिप्पणी लोगों को नागवार गुजरी। पुरस्कार देते हुए उसने लिखा, यह कश्मीर के विवादास्पद क्षेत्र में जिंदगी की तस्वीरों को उकेरने के लिए दिया गया है, जहां भारत ने उनकी स्वतंत्रता को रद किया और इस पूरे घटनाक्रम के दौरान वहां कम्युनिकेशन ब्लैकआउट को लागू किया गया था। जिस भारतीय मीडिया को सबसे ज्यादा खुश होना चाहिए था, वह इस पर चर्चा तक करने को तैयार नहीं है। अब राहुल गांधी को देखिए। उन्होंने ट्वीट कर न केवल बधाई दी, बल्कि यह भी लिख दिया कि इन तीनों फोटो पत्रकारों ने पिछले साल अगस्त में अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद, क्षेत्र में लॉकडाउन के दौरान की गई अपनी फोटोग्राफी के लिए यह पुरस्कार जीता है। 
ऐसा पहली बार नहीं हुआ है जब राहुल गांधी देश के जनमानस के खिलाफ गए हों। इस कृत्य के लिए चाहे जितनी लानत-मलानत हो रही है, लेकिन वह अपनी गलती मानने को शायद ही तैयार हों। आने वाले 19 जून को पचास वर्ष के होने जा रहे राहुल गांधी यह समझने को तैयार नहीं दिखते कि दुर्योग से ही सही, वह सबसे लंबे समय तक शासन करने वाली एक राष्ट्रीय पार्टी के अध्यक्ष रहे हैं। उनकी एक शानदार राजनीतिक विरासत है। पिता राजीव गांधी ने प्रधानमंत्री के रूप में देश को मजबूत पंचायती व्यवस्था दी और कंप्यूटर युग में प्रवेश कराया। संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन की अध्यक्ष मां सोनिया गांधी के मार्गदर्शन में विश्वप्रसिद्ध अर्थशास्त्री मनमोहन सिंह ने प्रधानमंत्री के रूप में दस साल तक देश की सेवा की। कभी दुनिया की सबसे शक्तिशाली प्रधानमंत्रियों में शुमार रहीं इंदिरा गांधी के पौत्र और देश के पहले प्रधानमंत्री व स्वतंत्रता संग्राम के नायक पंडित जवाहर लाल नेहरू के पनाती हैं। 

भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 1928 में अध्यक्ष रहे पंडित मोतीलाल नेहरू की वंशपरंपरा के इस कुलदीपक से यह अपेक्षा तो की जा सकती है कि वह सोच-समझकर और देश हित का ध्यान रखकर ही कुछ बोलेंगे। मगर, राहुल गांधी के व्यवहार से ऐसा लगता है कि उनके साथ घोर अन्याय किया जाता रहा है। जिम्मेदारी की ऐसी बेडिय़ां उनकी स्वतंत्रता का हनन कर रही हैं। उनके साथ वीवीआइपी जैसा बर्ताव नहीं होना चाहिए। उन्हेंं भी आम आदमी की तरह कहीं भी और कभी भी आने-जाने, घूमने-फिरने, खाने-पीने और ऐशोआराम का अधिकार है। सबसे ज्यादा हनन तो बोलने की आजादी का हो रहा है। वह जेएनयू में टुकड़े-टुकड़े गैंग के प्रदर्शन में शामिल होते हैं तो हंगामा खड़ा हो जाता है। वह देश के प्रधानमंत्री को चोर बताते हैं तो लोग सुप्रीम कोर्ट पहुंच जाते हैं और उन्हेंं माफी मांगने की नौबत आ जाती है। माफी मांगने पर प्रशंसा की बजाय आलोचना होती है। हालांकि वह अपने स्तर पर पूरी कोशिश कर रहे हैं कि आम आदमी की आवाज बनें। तभी तो अपनी ही पार्टी की सरकार के कैबिनेट से पारित प्रस्ताव को वह सरेआम फाड़ देते हैं। डोकलाम को लेकर जब पूरे देश प्रधानमंत्री के साथ खड़ा होता है, वह चीन के समर्थन में बयानबाजी कर रहे होते हैं। वायुसेना की वर्षों पुरानी मांग पूरा करने के लिए सरकार लड़ाकू विमान राफेल को भारत ला रही होती है, तो राहुल उसकी खरीद में भ्रष्टाचार की बू सूंघते और विश्वस्तर पर उसके खिलाफ अभियान चला रहे होते हैं। उनकी ढीढता देखिए कि देश की सर्वोच्च अदालत से आरोप खारिज किए जाने के बाद भी पीछे नहीं हटते। बालाकोट सॢजकल स्ट्राइक पर सवाल उठाने वालों में वह सबसे आगे रहते हैं। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने पर उनकी पार्टी के नेता इंग्लैंड में भारत सरकार के खिलाफ प्रदर्शन प्रायोजित कराते हैं। ऐसी तमाम उपलब्धियां हैं जो राहुल गांधी के समर्थक उनके खाते में दर्ज कर सकते हैं।

मगर, देश राहुल गांधी, उनकी पार्टी कांग्रेस तथा करोड़ों कांग्रेसियों से आगे भी है। कुछ तो है जो वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को पूरे देश में बुरी तरह हार झेलनी पड़ी। वर्ष 2019 के चुनाव में भी वही दुहराया गया। वह खुद पैतृक सीट रायबरेली से लोकसभा चुनाव हार गए। कुछ राज्यों मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में अगर कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव जीता तो क्या इसका श्रेय वाकई राहुल गांधी को दिया जा सकता है। सच्चाई यह है कि इन राज्यों का चुनाव स्थानीय नेतृत्व पर लड़ा और जीता गया। इसलिए कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व इन चुनावों को अपने खाते में नहीं जोड़ सकता।
दरअसल, राजनीति फूलों की सेज नहीं होती। कम से कम राष्ट्र का नेतृत्व करने के आकांक्षी राजनेता पर तो यह लागू होता ही है। इसलिए ऐसे व्यक्ति में ईमानदारी, त्याग, समर्पण, संगठन और नेतृत्व क्षमता के साथ बलिदान भावना की अपेक्षा होती है। मगर, सबसे जरूरी अथक यानी हार नहीं मानने वाला होना चाहिए। विपरित परिस्थितियों को भी अनुकूल बनाने की क्षमता और इसके लिए आवश्यक धैर्य होना चाहिए। इतिहास गवाह है कि वही विजयी रहा है, जिसने अंत तक हार नहीं मानी। अब राहुल गांधी को देखें। 2019 का लोकसभा चुनाव हारने के बाद उन्होंने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया और पार्टी को उसके हाल पर छोड़कर कोपभवन में चले गए। निश्चित रूप से पार्टी को उनकी सद्इच्छा का सम्मान करना चाहिए था, लेकिन क्या उनकी जिम्मेदारी नहीं थी कि पार्टी को इस योग्य बनाएं कि वह अपना नेतृत्व चुन सके। उन्होंने ऐसा नहीं किया और कर भी नहीं सकते थे। देशभर से पार्टीजनों की करुण पुकार पर आखिर उनकी मां सोनिया गांधी को पुन: पार्टी की बागडोर संभालनी पड़ी। भविष्य बताएगा कि इस घटना ने कांग्रेस और देश का कितना नुकसान किया। युवा होने को व्याकुल 135 साल पुरानी इस पार्टी को फिर बुजुर्गों की साजिश का शिकार होने दिया गया। अच्छा होता कांग्रेसीजन इसको समझ पाते। विशेषकर श्रीमान राहुल गांधी।

(पुराना आलेख)


अनन्यता


अनन्यता भक्ति के साथ गृहस्थ जीवन का भी मूल है। यह एक ऐसा भाव है, जिसकी अपेक्षा देवी-देवताओं के साथ आम लोग भी रखते हैं। हर कोई चाहता है कि सामने वाला उससे अनन्य भाव रखे। यानी उसके लिए मान-सम्मान, विश्वास और समर्पण का जो भाव हो, वह किसी अन्य के लिए न हो। पत्नी चाहती है कि पति के जीवन में उसका स्थान कोई और न ले। छोटा बालक चाहता है कि मां अपनी सारी ममता उस पर उड़ेल दे। वह सिर्फ उसके बारे में सोचे, उसकी चिंता करे और हमेशा उसके लिए उपलब्ध रहे। बाद में यही मां चाहती है कि संतान उसकी होकर रहे। यानी जो मान-सम्मान और अहमियत उसके लिए है, वह किसी दूसरे के लिए न हो। यही मित्र-सखा भी चाहते हैं कि उनके प्रति अनन्य भाव रखा जाए। ऑफिस में बॉस उम्मीद करते हैं कि सहयोगी उनके प्रति सम्मान और भरोसे का जो भाव रखते हैं, वह किसी अन्य को नहीं मिले।
दरअसल किसी के प्रति अनन्य भाव रखना और उसके गले पड़ जाना या आसक्त होने में अंतर है। हम प्रभु श्रीराम के प्रति अनन्य भाव रखते हैं तो जो स्थान, मान-सम्मान और समर्पण भाव उनके लिए है, वह किसी अन्य के लिए नहीं हो सकता। जो भी अच्छा होता है, उसका श्रेय उन्हें देते हैं, लेकिन अगर कुछ गलत हो जाता है, उसके लिए उन्हें दोषी नहीं ठहराते। बल्कि यह मान लेते हैं कि इसमें भी उन्होंने कोई भलाई देखी होगी। भरोसे का अत्यंत उच्च भाव।
अनन्यता बहुत दुर्लभ है और मुश्किल से, उच्च आध्यात्मिक भावना से प्राप्त होती है। यही कारण है कि कई साधु-महात्मा इसे भक्ति के लिए प्राथमिक और अनिवार्य भाव बताते हैं। वहीं आसक्ति एक बंधन है, जो हमारी उन्नति में बाधक होती है। इससे किसी का भला नहीं होता। न तो आसक्ति भाव रखने वाले का, न ही उसका जिसके प्रति रखा गया हो।
-बीरेश्वर तिवारी


(17 अप्रैल, 2020, संपादकीय पेज, दैनिक जागरण)

Sunday, 15 July 2018

रागी यानी कई मर्ज की एक दवा

रागी स्वास्थ्य के लिए बहुत ही लाभदायक है। अगर इसे कई मर्ज की एक दवा कहा जाए, तो गलत नहीं होगा। यह कैल्शियम का बहुत अच्छा स्रोत है। इसके उपयोग से वह सभी समस्याएं दूर हो जाती हैं, जिसकी वजह कैल्शियम होता है। यानी हड्डियों के दर्द से लेकर तनाव, अनिद्रा और हृदय रोग तक।
रागी को मडुआ और नाचनी भी बोला जाता है। अंग्र्रेजी में फिंगर मिलेट कहते हैं। यह देखने में बिल्कुल सरसों जैसा लगता है। इसमें मौजूद अमीनो एसिड मिथियोजाइन के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है। इसके साथ-साथ इसमें प्रोटीन, कैल्शियम, भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। डाइटीशियन श्रुति कौशल बताती हैं कि इसका प्रयोग कई तरह से किया जा सकता है। रागी का आटा बाजार में आसानी से उपलब्ध है। इस आटा को एयर टाइट डिब्बे में किसी सूखी व ठंडी जगह पर रखें ताकि यह खराब नहीं हो। रागी और चावल को बराबर मात्रा में मिलाकर स्वादिष्ट और पौष्टिक डोसा या इडली, उपमा भी बना सकते हैं। छोटे बच्चों के लिए इससे दलिया भी बनाया जा सकता है। भुनी हुई रागी को पीसी हुई चीनी, इलायची और घी के साथ मिलाकर इसके लड्डू बनाकर खुद व दूसरों को भी चाय इत्यादि के सामने रख सकते हैं।

रागी के फायदे
फाइबर में उच्च रागी : चावल की तुलना में इसमें फाइबर ज्यादा है। इसमें मौजूद एमिनो एसिड लेसिथिन और मिथियोनिन लीवर में से अतिरिक्त फैट से छुटकारा दिलाकर  शरीर में कोलेस्ट्राल के स्तर को कम करने में मदद करता है।

मधुमेह में लाभदायक 

आज ज्यादातर लोग मधुमेह से पीडि़त हैं। रागी में मौजूद पदार्थ शरीर में शुगर लेवल को नियंत्रित रखते हैं और यदि इसको सुबह नाश्ते या दोपहर को खाने में शामिल कर लिया जाए तो यह पूरे दिन शुगर के स्तर को खून में नियंत्रित रखता है।
स्तनपान कराने वाली महिलाओं के लिए लाभदायक : जो महिला अपने बच्चों को दूध पिलाती हैं उन्हें अपने आहार में रागी को शामिल करना चाहिए। यह मां के दूध को तो बढ़ाता ही है साथ ही दूध को आवश्यक एमिनो एसिड, कैल्शियम प्रदान करता है जो मां और बच्चे के पोषण के लिए आवश्यक है।

अस्सी कली.. बावन गज का मेरा घूम घाघरा..

हरियाणवी लोक वेशभूषा की पारंपरिकता का प्रतीक घाघरा

लोकजीवन में लोकवेशभूषा की परंपरा सदियों पुरानी है। इस परंपरा के निर्वहन एवं हमारी लोकवेशभूषा को समृद्ध से समृद्धता की ओर विकसित करने में महिलाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। घाघरा महिलाओं द्वारा पहने जाने वाला लोकवेशभूषा का वह स्वरूप है जिसका वर्णन हरियाणवी गीतों एवं रागनियों में भी आता है। घाघरे का स्वरूप बड़ा होता है जबकि घाघरी छोटी होती है। घाघरे को ही लोकजीवन में दाम्मण कहा जाता है। लोक में बावन गज का घूम घाघरा एवं अस्सी कली का का दाम्मण विशेष रूप से प्रसिद्ध रहा है। घाघरे के अलग-अलग स्वरूपों को है लह, खारा, कत्था, पहरणा, कैरी आदि भी कहा जाता है। सामाजिक दृष्टि से घाघरा अत्यंत लोकप्रिय रहा है। हरियाणवी नृत्य में नाचने के लिए घाघरे का प्रयोग आज भी आंशिक रूप से देखने को मिलता है। सांगों में पुरुष नृत्यकारों ने घाघरे का प्रयोग कर इसकी लोकप्रियता को और अधिक बढ़ाया है। दादा लख्मीचंद व अन्य सांगियों के सांग में घाघरा पहनकर नृत्य करने की परम्परा विकसित हुई थी। इसलिए घाघरा सामाजिक सरोकारों से जुड़ी हुई लोक वेशभूषा है। लडक़ी की विदाई से पूर्व आस-पड़ोस की सारी महिलाएं एकत्रित होकर तीज्जण के माध्यम से हरियाणवी लोकवेशभूषाओं की ससुराल में जाने वाली लडक़ी हेतु तैयारी किया करती। उसके बाद ही तिल दिखाई परंपरा का निर्वहन किया जाता था। इतना ही नहीं किसकी बहू कितनी तियल एवं घाघरी लेक के आई इसका चर्चा भी आस-पड़ोस में हुआ करता था। घाघरा लोक में महिलाओं द्वारा कमर से पांव तक पहने जाने वाला लोक परिधान है। इसके घेरदार घेरे की बदौलत ही इसे घाघरे का नाम दिया गया और लामण का अपभ्रंशित रूप ही दाम्मण हो चला है। घाघरा मूलत: कमर पर नाड़े की सहायता से बांधे जाना वाला ऊपर से कम तथा नीचे से अधिक घेरेवाला लोकपरिधान है, इसके नीचे के भाग में लगभग चार-पांच अंगुल चौड़ा कपड़ा अंदर की ओर जोड़ा जाता है, जिससे लामण कहते हैं। लामण और दाम्मण के कपड़े को जोड़ते समय एक बारीक सी रंगीन किनारी भी लगाई जाती है, जिसे मगज़ी कहा जाता है। यह हाथ से बने सूत व जुलाहे से बने खद्दर से बनता है, इसके ऊपर की चीन में नाड़ा डलता है। नाड़े की चीन भी हाथ से ही बनाई जाती है। घाघरा एवं दाम्मण मूलत: ल_े, रेज्जे तथा सूत्ती कपड़े से बनाया जाता है। महिला द्वारा अस्सी कली का घूम-घाघरा तैयार करने में तीन से चार दिन लग जाया करते थे, परंतु नीलबडिय़ों तथा रंगरेज़ों के रंग व  रंगेरेज़े से महिलाएं अपनी घाघरी तैयार करती रही हैं। वह वास्तव में घाघरे एवं दाम्मण से ही जुड़ी हुई विषय-वस्तु है। दाम्मण के वस्त्र की काट-छांट कुछ इस प्रकार की होती है कि इसका नीचे का घेरा अधिक होता है। इसी घेरे की बदौलत महिलाएं अपने नृत्य में दाम्मण का प्रयोग कर अपनी भाव-भंगिमाओं को मूर्त रूप प्रदान करती हैं। विवाह का अवसर हो या बच्चे पैदा होने का, मेल़ा हो या उत्सव सभी नृत्यों में घाघरे एवं दाम्मण का खूब प्रचलन देखने को मिलता है। दर्जी एवं छिप्पी घाघरे के लत्ते को काट-छांट कर अलग-अलग भागों में तुरपता है। इन्हीं भागों को घाघरे की कली कहा जाता है। लोकजीवन में बावन कली का घाघरा विशेष रूप से प्रसिद्ध है। महिलाएं घाघरों के साथ माचिस की डिब्बियों में सरसों तथा कंकर आदि डालकर सील देती हैं, जिससे जो महिला घाघरा पहनकर चलती थी, उससे सामूहिक रूप में लगी माचिसों की आवाज़ अत्यंत मनोरम ध्वनि पैदा करती थी। लोकजीवन में अनेक प्रकार के घाघरों का प्रयोग रहा है जिनमें कैरी घाघरा, चांद-तारा घाघरा, कीकरफुली घाघरा, कंद का घाघरा, चांद-तारों वाला घाघरा, बुंदी घाघरा, रेज्जा घाघरा एवं खारा,
 हरियाणवीं लोकसाहित्य, घाघरे व दाम्मण का परस्पर गहरा सम्बन्ध है। घाघरा लोक परिधान ही नहीं अपितु लोक परम्परा का वह अंग है जिसको जनमानस लोकगीतों, लोककथाओं, लोकगाथाओं, मुहावरों आदि में समाहित पाता है। लोकजीवन में प्रचलित घाघरे एवं दाम्मण से सम्बन्धित लोकोक्तियां एवं मुहावरे जैसे घाघरी तल़ै का, घाघरी उढ़ाणा, घाघरी पहराणा, घाघरी का नाड़ा टूटणा, पाटी घाघरी लुगड़ी जोग्गी होणा, घाघरी की लाम्मण मुड़णा, घाघरी ठाणा, इतणे का काम नीं करवाया, जितणे का घाघरा पड़वा दिया, खूंटी पै घाघरी टंगणा, बिटोड़े पै घाघरा सूखणा, आज भी उतने ही प्रसिद्ध एवं प्रासांगिक हैं। घाघरे की पारम्परिकता का ब्यौरा हरियाणवी लोकगीतों में भी देखने को मिलता है - घुमै-धुमै री मेरा घाघरा, दामण पहरूंगी महल के बीच, मैं छैल गेल्या जांगी, दामण मेरा भारया, दूर का जाणा मैं छैल गेल्या जांगी जैसे अनेकों गीत घाघरे एवं दामण की कसौटी पर खरे उतरते हैं। आधुनिकता की इस दौड़ में लोक पारम्परिक परिधानों की कड़ी में घाघरा भी अतीत का हिस्सा बन कर रह गया है। आवश्यकता है इसको वर्तमान स्वरूप में ढ़ालकर प्रस्तुत करने की ताकि युवा पीढ़ी अपने लोक पारम्परिक परिधान को फिर से अपना सके।

स्रोत : डॉ. महासिंह पूनिया

Thursday, 21 June 2018

कुएं से पानी निकालने में मददगार था रहट


कुएं से पानी निकालने के लिए जरूरी था रहट

लोक पारंपरिक दृष्टि से सिंचाई के साधनों में रहट की विशेष महत्ता है। सत्तर के दशक तक रहट प्रमुख आïवश्यकताओं में थी। रहट में बैलों एवं ऊंट को जोतने की परंपरा रही है। सामाजिक दृष्टि से रहट लोक संचार का सामुदायिक स्थल था। जिस किसान के पास रहट नहीं होता था वह अपने पड़ोसी किसान के रहट से अपने खेत सींचने का काम करता था।
सिंचाई के लिए कुओं से पानी निकालने के लिए बनाए गए यंत्र विशेष को रहट, रंहट, रहटा, अरह_, चरखा, घाटीयंत्र, अरहट, अरघटक, पिरिया आदि नामों से भी जाना जाता है। वेदों में अरगराट (अरघट्ट) शब्द का प्रयोग जलयंत्र के रूप में हुआ है, जिसका अभिप्राय है कि ऐसा कुआं, जिस पर रहट से सिंचाई होती हो। दरअसल, जिस कुएं में सिंचाई के लिए रहट का प्रयोग होता है, उसी को रहटआला कुआं कहा जाता है। पक्के कुएं में ही रहट की स्थापना होती है। रहट में मूलत: तीन चक्कर होते हैं, जिन्हें घड़ी के चक्रोंं की भांति एक-दूसरे से व्यवस्थित करके पानी निकाला जाता है। सबसे पहले रहट की स्थापना करने के लिए कुएं के बीचों-बीच एक लकड़ी रखी जाती है, जिसे बड़सा तथा बरसा कहते हैं। कुएं के ऊपर रहने वाले एक चक्र और बाहर के यंत्रों को जोडऩे वाला लोहे का एक मोटा और लंबा डंडा होता है, जिसे ल_ू कहते हैं। ल_ू के कुएं वाले छोर पर लोहे के दो बड़े चक्र लगे होते हैं, जो सामानांतर रूप से लोहे की सलाखों से जुड़े हुए होते हैं। इन्हें बेड़ अथवा बाड़ कहते हैं। इसी बाड़ के ऊपर लोहे की बालटियों एवं टींडरों को जोड़कर एक माला का स्वरूप प्रदान किया जाता है, जो बेड़ के ऊपर घुमकर कुएं के अंदर से पानी लाती हैं। बाल्टियां जब अंदर से आती हैं, तो वह सीधी होती हैं। कुएं के ऊपरी भाग पर जब उनका मुंह नीचे की तरफ होता है, तो उनका भरा हुआ पानी पाड़छे में गिरता है और इस प्रकार एक के बाद एक बाल्टी पानी भरकर लाती रहती हैं और लगातार बाल्टियां तथा टींडरों के माध्यम से पानी कुएं से बाहर निकलता रहता है। जब तक लोकजीवन में लोहे का प्रयोग नहीं होता था, तो उस समय लोग बाल्टियों की जगह मिट्टी के मटके, घड़े बांधकर पानी की सिंचाई किया करते थे। लोहे की माल के स्थान पर लोकजीवन में लोग मटकों को मूंज की रस्सियों की बेड़ बनाकर उस पर बांधा करते थे। रहट में मूंज की बेड़ के दोनों चक्रों को जोडऩे वाली सलाखों पर बाल्टियों के टिकाव के लिए लोहे की पत्तियां लगी होती हैं, जिन्हें फली तथा खुरपी कहा जाता है। बाल्टियों को एक-दूसरे से जोडऩे वाली कीलें रेड्ढ़ी कहलाती हैं। बाल्टियों का पानी लोहे के पतराल के जिस भाग पर गिरता है, उसको थाल कहा जाता है, जबकि इस पानी को आगे की तरफ ले जाने वाली लोहे की नाली को पतनाल तथा पतरहाल कहा जाता है। कुएं के बाहर पानी गिरने के स्थान को पाड़छे एवं पाड़ज्छा की संज्ञा दी गई है। रहट को चलाने के लिए लाठ का प्रयोग किया जाता है, जिसमें बैल, ऊँट आदि पशु जुतते हैं। इस प्रकार रहट में जब बैल चलते हैं, तो उनके कंधे पर रखे हुए जूए से डंडील़ खिंचती है, डंडील पांठ को खिंचती है, पाअ्ंट चकले को चलाती है, चकला चकली को चलाता है, चकली लट्टू को चलाती है, लट्टू रहट के चक्कर को चलाता है, चक्कर पर माल लगी होती है, माल से बाल्टियां घुमती है, बाल्टियों के घुमने से उनमें पानी भरता है, इस प्रकार बाल्टियां चक्र के ऊपर से घुमती हुई खाली हो जाती हैं और पतराल के माध्यम से पानी खेतों को सिंचता है। देहात में जहां पहले लोहे की बाल्टियों के स्थान पर मटकों का प्रयोग होता रहा है। वास्तव में रहट ढ़ेकली परंपरा का विकसित स्वरूप है।
प्रस्तुति : डॉ. महासिंह पूनिया
प्रभारी धरोहर हरियाणा संग्रहालय

Monday, 18 June 2018

गांव में दादाखेड़े से बढ़कर कोई धरोहर नहीं..


  1. लोकजीवन में भौंमियां, भैंया-खेड़ा, दादा-खेड़ा की पहचान देहात में ग्राम देवता के रूप में होती है। वास्तव में ऊंचे टीले पर गांव बसाने से पहले जहां भूमि की पूजा की जाती है, वही स्थल भौंमियां तथा खेड़े के रूप में चिहिनत कर दिया जाता है। खेड़ा ग्रामवासियों का इष्ट देवता होता है। लोकजीवन में खेड़ा ग्राम देवता के रूप में जाना जाता है। ग्रामीण इसे खेड़ा, बाबा खेड़ा तथा दादा-खेड़ा कहकर सम्मान से पूजते हैं। लोकजीवन में खेड़े की पूजा प्रत्येक शुभकार्य की शुरुआत में की जाती है। लोक में विवाह में बरात चढऩे से पहले तथा घुड़चढ़ी पर खेड़े की पूजा करने की परम्परा लोकजीवन में विद्यमान है। देहात में दूल्हा-दुल्हन की घर वापसी पर उनके द्वारा गठजोड़े में खेड़े की पूजा की जाती है। गांवों में प्रत्येक त्योहार पर खेड़े पर दीप जलाने की रिवाज़ है तथा गाय-भैंस के ब्याने (बच्चे के जन्म देने पर) पर खीस (पहली बार निकाला दूध) चढ़ाया जाता है। उधर, खेड़े का संबंध मानव विकास की कड़ी से भी जुड़ा हुआ है। खेड़ा वह खंडित बस्ती का ढूह या टीला या स्थल है, जहां बस्ती ध्वस्त हो गई, ऐसे खेड़े को ऊज्जड़ खेड़ा तथा खंडित खेड़ा भी कहते हैं। ऐसे खेड़ों से अवशेष के रूप में वहां वर्षा के कटाव के समय मिट्टी से टूटे बर्तन, सिक्के, मूर्तियां आदि प्राप्त होती हैं। प्राकृत भाषा में इसे खेडय तथा संस्कृत में खेटक कहते हैं। यह लोकनिवासियों के लिए पूज्य स्थल है। लोक में ऐसे स्थल पर छोटी मढ़ी भी बना दी जाती है, जिसमें दीपक जलाने की व्यवस्था होती है। मढ़ी के आस पर दो ईंटें खड़ी करके थान (स्थानीय पीर) या मोरखा (पित्तर) बना दिया जाता है, जिसमें दीया जलाया जाता है। खेड़े पर पूर्णिमा, अमावस, शनिवार, मंगलवार तथा रविवार आदि दिनों पर श्रद्धालुओं की भीड़ लगती है, जो छोटे मेले का रूप ले लेती है। भक्त मढ़ी पर मीठा दलिय़ा, बताशे, नई फसल के प्रतीक रूप में सम्मानार्थ भेंट चढ़ाते हैं, भक्त खेड़े पर कच्ची लस्सी, दूध, खीस आदि भी चढ़ाते हैं। चढ़ावे को आस-पास के जीव-जंतु आदि खाते रहते हैं। लोक में एक गांव बसाते समय खंडित खेड़े की मिट्टी ले जाई जाती है और उसे सम्मानपूर्वक स्थापित कर वहां मंडप, चबूतरा आदि बना दिया जाता है। श्रद्धालु भक्त वहां मन्नत मांगने आते हैं और कामना पूरी होने पर श्रद्धानुसार भेंट चढ़ाते हैं, यज्ञ कराते हैं और खीर आदि के भण्डारे का आयोजन करते हैं। मन्नत पूरी होने पर यहां सिरणी भी बांटते हैं। लोकमान्यता के अनुसार खेड़े बाबा की शक्ति भगवान से भी अधिक है। ऐसी मान्यता है कि बिना इसकी अनुमति के कोई भी भूत-प्रेत, विघ्नकारी शक्ति, संक्रामक रोग आदि गांव में प्रवेश नहीं कर सकता। यह कृपालु है, वरदाता है, लोकजीवन में ऐसी मान्यता है कि दादाखेड़ा की उपेक्षा होने पर अपना क्रोध भी प्रकट करता है, इसे शांत करने के लिए महिलाएं शीतल जल चढ़ाती हैं। लोक में खेड़ा नामवाची सैकड़ों गांव हैं, उनकी पहचान के लिए पहले या बाद में किसी विशेषण या निकट के गांव, कस्बे आदि का नाम जोड़ा जाता है। सामूहिक कार्य निर्विघ्न सम्पन्न होने, स्वांग आदि समाप्त होने तथा खेड़े के स्थानीय देवता के प्रति कृतज्ञता ज्ञापन के लिए सामूहिक रूप से - 'बोल नगर खेड़े की जयÓ की अभिव्यक्ति की जाती है, यह अभिव्यक्ति लोकवासियों के लिए भरतवाक्य है। ग्रामीण संस्कृति में दादाखेड़ा वो पावन पवित्र स्थल है जो गांव के हर घर में होने वाले उत्सवों का साक्षी है। लोकजीवन में प्रचलन है कि बरसात के दिनों में पशुओं में कोई रोग न आए इसलिए गांव की सीमा पर जोगियों द्वारा हीर-रांझा का गायन कर दादाखेड़े को खुश किया जाता है। अनेक स्थलों पर इसे भईया खेड़ा भी कहते हैं। यह गांव के सभी लोगों के लिए आदरणीय स्थल होता है। इसकी देख-रेख भी सामूहिक रूप से होती है। लोग इसको ग्रामदेवता के रूप में पूजते हैं।


--प्रस्तुति :
डॉ. महासिंह पूनिया
प्रभारी धरोहर हरियाणा संग्रहालय

Thursday, 26 April 2018


गर्मियों में भी नहीं घटेगा दुग्ध उत्पादन

एनडीआरआइ के वैज्ञानिकों की शोध ने जगाई उम्मीद
दुधारू पशुओं के प्रोटीन का प्रबंधन करने के कारगर उपाय 


यह खुशखबरी है। अब गर्मी के मौसम का दूध उत्पादन पर असर नहीं पड़ेगा। वैज्ञानिक शोधों में इस दिशा में उत्साहजनक परिणाम आए हैं। इन दिनों दूध का उत्पादन औसतन 10 प्रतिशत तक कम हो जाता है। पशुओं में पाए जाने वाले खास प्रकार के प्रोटीन इसके मुख्य कारक हैं।
एनडीआरआइ (राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान संस्थान) के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. महेंद्र कुमार बताते हैं कि तापमान के 48 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचते ही पशु के मार्कर सेल डैमेज होने शुरू हो जाते हैं। इसे बचाने के लिए प्रोटीन अपनी सक्रियता बढ़ा देते हैं। यही प्रोटीन दूध बनाने में कारक होते हैं। लिहाजा इसका असर पशु के दूध पर पड़ता है। इन दिनों नेशनल इनोवेशन ऑन क्लाइमेट रिसिलीएंट एग्रीकल्चर प्रोजेक्ट (निकरा) के तहत थारपारकर व संकर नस्ल की गायों व भैंसों पर शोध हो रहा है। इन पशुओं में 547 प्रकार के प्रोटीन मिले हैं। इनमें 106 प्रोटीन की पहचान हुई है जो गर्मी में पशुओं को संवेदनशील बना देते हैं और दूध की कमी का वजह बनते हैं। इसका सीधा संबंध पशुपालक की आय से है। एक भैंस से प्रतिवर्ष पशुपालक को 50 हजार रुपये तक का नुकसान हो जाता है।

इस तरह बचाव संभव
वैज्ञानिकों के मुताबिक कुछ जरूरी उपाय कर दूध उत्पादन पर नकारात्मक प्रभाव को रोका जा सकता है। इसके लिए पशु की खुराक में बदलाव करने होंगे। एनर्जी ज्यादा मिले इसके लिए प्री फैट देने होंगे। ज्यादा से ज्यादा हरा चारा दिया जाए और यदि यह संभव न हो तो माइक्रोन्यूट्रेंट, विटामिन ई, जिंक व कॉपर युक्त मिक्चर बनाकर इस्तेमाल हो। पशुशाला में भी बदलाव करके उसे खुली और हवादार बनानी होगी। पशुओं के लिए पीने का साफ पानी और छत पर घासफूंस रख उसे ठंडा रखना उपयोगी है।

तापमान झेलने में सक्षम
साहीवाल व थारपारकर

दुधारू पशुओं पर गर्मी के प्रभाव का अध्ययन कर रहे डॉ. महेंद्र और डॉ. अंजलि अग्रवाल बताते हैं कि थारपारकर व साहीवाल नस्लें 46 से 48 डिग्री तापमान में भी स्वयं को ढालने में सक्षम हैं। संकर नस्ल की गाय पर 30 डिग्री से ऊपर तापमान जाते ही गर्मी का असर दिखने लगता है।

प्रति व्यक्ति दूध की उपलब्धता 252 ग्राम

उत्तर प्रदेश 16.83 मिलियन टन प्रतिदिन दुग्ध उत्पादन के साथ देशभर में पहले स्थान पर है। हरियाणा का स्थान आठवां है और प्रतिदिन दुग्ध उत्पादन 5.48 मिलियन टन है। देशभर में प्रति व्यक्ति 252 ग्राम दूध की उपलब्धता है। देसी गायों को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने योजनाएं शुरू की हैं, जिसके परिणाम भी आए हैं। देसी गायों की तरफ भी पशुपालकों का रूझान पहले के मुकाबले बढ़ा है। फिलहाल 48.2 मिलियन देसी गाय दुधारू हैं जबकि 19.42 मिलियन गाय संकर नस्ल की हैं। देशभर में 163.7 मिलियन टन पर प्रतिदिन दूध उत्पादन होता है। इनमें 47.23 प्रतिशत गाय का है। भैंस का 40.10 प्रतिशत है। बकरी का 3.43 प्रतिशत है।
---------
तालिका
पशु (मिलियन) दुधारू (दुग्ध उत्पादन में भागीदारी (प्रतिशत)
गाय 190 67.62 47.23
भैंस 108 51.5 40.10


शोध के सकारात्मक परिणाम
---
निकरा के प्रोजेक्ट पर करनाल के दो गांवों, दिलावरा और ढाकवाला में शोध चल रही है। 50 भैंसों और गायों पर हुए शोध में अभी तक सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। हम कोशिश कर रहे हैं कि जो अच्छे प्रोटीन हैं उनको और अच्छा कैसे किया जाए, ताकि पशुओं में उनको अच्छी तरह से विकसित कर दूध की मात्रा को मेंटेन रख सकें। --डॉ. महेंद्र कुमार, प्रधान वैज्ञानिक, एनडीआरआइ, करनाल।